Wednesday 9 October 2024

नौ गुणों से सम्पूर्ण दुर्गा आप भी : गुड़िया झा

नौ गुणों से सम्पूर्ण दुर्गा आप भी : गुड़िया झा 

माता के आगमन से चारो तरफ श्रद्धा और उल्लास का माहौल है।  हर कोई अपनी तरफ से कुछ भी कमी नहीं छोड़ना चाहता मां के स्वागत में। क्योंकि जगतजननी अपने साथ बहुत सी खुशियां तो लाती ही हैं साथ ही ढ़ेरो आशीर्वाद अपने भक्तों को देकर जाती हैं। 
लेकिन क्या हमने कभी सोचा है कि प्रत्येक नारी मां दुर्गा का ही दूसरा रूप है। मां ने जितनी क्षमताओं से हमें बनाया है,उसका आकलन शायद हम ठीक से कर भी नहीं पाते हैं। इस नवरात्रि मां दुर्गा द्वारा दी गई अपने भीतर छिपी हुई शक्तियों पर एक नजर।
1 शक्ति
नारी होना आसान नहीं है। जरा सोचें कि एक साथ कई रिश्तों को निभाते हैं हम। सबकी कसौटियों पर खड़ा उतरते हुए हमेशा कर्मशील बने रहना, यही तो है वह अंदरूनी शक्ति जो हर समय हमें अपने कर्तव्य का बोध कराती है। अपनी शक्ति पर गर्व करें कि आप बहुत खास हैं। अपनी शक्ति को बनाये रखने के लिए प्रयासरत रहें।
2 अनुशासन
पूरे घर में अनुशासन सभी के कारण होती है। लेकिन इसका अधिकांश श्रेय नारी को ही जाता है। वो खुद भी अनुशासित रहती है और आसपास के माहौल को भी व्यवस्थित कर उनमें एक नई जान डालती है। 
चाहे वह कितनी भी थकी हुई और तनाव में क्यों न हो, अपने चेहरे पर फिर भी सुकून रख कर हर एक चीज पर बहुत ही पैनी नजर रखती है।
3 सकारात्मकता
सकारात्मकता से परिपूर्ण नारी जब किसी भी कार्य को अपने हाथ में लेती है, तो उसे पूरा करके ही दम लेती है। परिस्थिति चाहे अनुकूल हो या प्रतिकूल हर परिवेश में खुद को ढ़ालना और चुनौतियों में भी संभावनाएं उत्पन्न करना नारी को सर्वश्रेष्ठ बनाता है।
4 सफलता
सफलता खुद की हो या परिवार की इसका श्रेय भी नारी को ही जाता है। सभी की जिम्मेदारी को अपने ऊपर लेकर निभाना और सबको यह बोलकर निश्चिंत कर देना कि "मैं हूं ना"। तो हम कह सकते हैं कि नारी एक सड़क की तरह कार्य करती है, जो कि परिवार के सदस्यों को अपने मंजिल तक पहुंचाती है।
5 विश्वास
जहां पर अधिकांश लोगों का विश्वास जवाब देता है, वहां से नारी का विश्वास शुरू होता है। विश्वास होता है अपने अच्छे कर्मों, काबिलियत, दूसरों में गुणों को पहचानने की। विश्वास होता है अंधकार में भी रौशनी तलाशने की, विश्वास होता है अपनी दुआओं पर, विश्वास होता है एक साथ सबको जोड़कर रखने की, विश्वास होता है अपने आशियाने पर।
6 एकाग्रता
छोटी से छोटी बातों और कार्यों पर एकाग्रता बनाकर उसे अपने जीवन में लागू कर आगे बढ़ना नारी की महत्ता को दर्शाता है। एक साथ कई कार्यों को अपने हाथ में लेने के बाद भी एकाग्रता बनाते हुए कर्मपथ पर चलना नारी की विशेषता है।
7 दृढ़संकल्प
असंभव को भी संभव बनाना नारी को आता है। कौन सा ऐसा कार्य है जो नारी नहीं कर सकती है। जब वो किसी नये जीवन को नौ माह गर्भ में रख कर खुद की जान जोखिम में डाल कर उसे इस दुनिया में ला सकती है, तो नारी कुछ भी कर सकती है।
8 भक्ति
नारी की भक्ति का जवाब नहीं। दूसरे की बलाओं को अपने ऊपर लेना, सबकी सुख, समृद्धि की कामना करना, साल में होने वाले अधिकांश त्योहारों में व्रत रख कर सबकी देखभाल करना नारी की भक्ति ही तो है जिससे परिवार की खुशियां बनी रहती हैं।
9 निरंतरता
समय और अवसर को देखते हुए लागातार हर उस बात में निरंतरता बनाये रखना, जिसमें जनकल्याण की भावना समाहित हो, नारी का यह विशेष गुण है। 
जिम्मेदारियों का निर्वाहन खुशी-खुशी करना, सामने आने वाली बाधाओं को भी आत्मविश्वास से पार करना, यही तो नारी की पहचान है। वास्तव में नारी तू महान है।

No comments:

Post a Comment